राधाकुंड में बृहस्पतिवार को करीब 11:20 पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर गिरिराज तलहटी में लाखों की संख्या में भक्त गिरिराज महाराज के जयकारों के साथ परिक्रमा कर रहे थे। तभी यकायक हल्के भूकंप के झटके महसूस होने से परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु एक दूसरे की तरफ देखते हुए कहने लगे क्या आपको भूकंप झटके महसूस हुई। तभी बताया हां, मुझे भी भूकंप के झटके महसूस हुए।
संपूर्ण गिरिराज तलहटी क्षेत्र में चार सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस हुए। घरों में रखा सामान, छत पर लगे पंखे हिलते हुए दिखाई दिए। व्यापारी विनोद अग्रवाल ने बताया दुकान पर बैठा हुआ था। यकायक अलमारी में रखा सामान जमीन पर गिरने लगा में घबराकर दुकान से बाहर सड़क पर खड़ा हो गया। राधा रानी की कृपा से सब कुछ ठीक रहा।
पुजारी श्याम सुंदर गोस्वामी ने बताया पूजा करते समय मुझे भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप के झटके हल्के होने के कारण किसी भी प्रकार की कोई जनहांनि या नुकसान नहीं हुआ।
हरी प्रिया ने बताया किचन में खाना बना रही थी। करीब 11बजे से अधिक समय होगा यकायक किचन की अलमारी में रखे बर्तन आवाज करने लगे। कुछ बर्तन नीचे जमीन में गिर गए। मैं डर गई। बच्चों को साथ लेकर बाहर निकाली तो पड़ोसियों ने बताया कि अभी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।