वृंदावन। परिक्रमा मार्ग स्थित गोपालखार क्षेत्र में तीन युवकों ने तेज गति से कार दौड़ाई और उत्पात मचाया। स्थानीय लोगों के अनुसार नशे में धुत युवकों ने एक मोटरसाइकिल और ई रिक्शा में टक्कर मार दी। स्थानीय लोगाें द्वारा पीछा करने पर वह घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर कार को छोड़कर भाग गये। घायल ई रिक्शा चालक ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस युवकों की तलाश में लगी है।
बुधवार देर रात नशे में धुत कार सवार तीन युवक म्यूजिक बजाने के साथ ही शोर मचाते हुए तेज गति से कार चला रहे थे। ई रिक्शा चालक बहादुर सिंह ने बताया कि युवकों ने घनी आबादी वाले गोपालखार परिक्रमा मार्ग में तेज रफ्तार कार दौड़ाई। दो राहगीरों में टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें निकट के अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने एक बाइक सवार और ई रिक्शा में भी टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार और ई रिक्शा चालक बहादुर सिंह घायल हो गए। बाद में वह अपनी कार को गोशाला नगर स्थित यादव धर्मशाला के समीप छोड़कर भाग गए। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। संवाद