मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान द्वारा बुधवार को भाद्रपद कृष्ण सप्तमी को सायं 6:30 बजे अन्नपूर्णेश्वर महादेव क्षेत्र से श्रीठाकुरजी की पोशाक एवं शृंगार अर्पण यात्रा निकाली गई।
संस्थान सचिव कपिल शर्मा एवं सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि सुसज्जित थाली में ठाकुरजी को करधनी, कुंडल, पायल, चूड़ी, बिंदी, नथ, हार आदि अनेकानेक दिव्य वस्त्र आभूषण सजाकर भक्तजन नाचते-गाते चल रहे थे। शोभायात्रा के साथ उज्जैन, झांसी, राजस्थान से आए कलाकार नृत्य करते चल रहे थे।
अद्भुत विलक्षण पोशाक अर्पण यात्रा के दर्शन कर श्रद्धालु अभिभूत हो उठे। सर्वप्रथम भगवान श्रीकेशवदेव महाराज को पोशाक अर्पित की गई। फिर मां योगमाया, श्रीगर्भ गृह एवं श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार को अर्पित की गई। जन्मभूमि के पूजाचार्यों ने शास्त्रीय विधि से पोशाक एवं आभूषण श्रीठाकुरजी के चरणों में अर्पित किए। इन्हीं दिव्य पोषाक एवं आभूषणों को धारण कर ठाकुरजी आज भक्तों को दर्शन देंगे।