मथुरा। दिवाली पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने इंतजाम किए हैं। त्योहार पर झुलसने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कोई मरीज लौटकर न जाए। इसलिए सीएमओ ने सभी चिकित्सा अधीक्षक को पत्र जारी कर दिया है। 30 अक्तूबर तक सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
सीएमओ डॉ. राधावल्लभ ने बताया कि जिले में 27 प्राथमिक और 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह दिवाली से लेकर 30 अक्तूबर तक केंद्र पर रहें। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति के लिए सभी चिकित्सकों को अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। चूंकि 2023 में राया के गोपालबाग में पटाखा बाजार में आग लगने से जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी पड़ गई थी। इस कारण झुलसे लोगों को अन्य जिलों के लिए रेफर करना पड़ा था। इसको ध्यान में रखते हुए सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।