उत्तर प्रदेश के मथुरा में जनपद की 44 गोशालाओं में आठ से अधिक गोशालाओं के पास अपनी जमीन तो है, लेकिन इन पर दबंगों के कब्जे हैं। डीएम द्वारा गोशालाओं की जमीन पर हरा चारा तैयार करने संबंधी निर्देश दिए जाने के बाद यह जानकारी सामने आई। डीएम ने इन जमीनों को कब्जा मुक्त करने के लिए सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं।
गोशालाओं में चारे के लिए नया प्लान तैयार
अभी तक गोशालाओं की जमीनें खाली पड़ी थीं। उन्हें ग्रामीणों या दबंगों द्वारा अपने उपयोग में लिया जाता था। पिछले दिनों डीएम ने गोशालाओं में चारे को लेकर नया प्लान तैयार किया है। इसके तहत सभी 44 गोशालाओं में हरे चारे की उपज लेने की योजना बनाई।
एक्शन देख कुछ ने हटा लिया कब्जा
जैसे ही डीएम पुलकित खरे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कुछ गोशालाओं की जमीनों से कब्जे तो स्वत: हटा लिए गए, परंतु अभी आठ गोशालाओं की जमीन कब्जा मुक्त नहीं हो सकी है। इन पर दंबगों ने कब्जा कर रखा है। डीएम ने इन जमीनों से कब्जा हटवाने की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम को दी है।
प्रधानों को दी जिम्मेदारी
डीपीआरओ किरण चौधरी ने डीएम के आदेश की कड़ी में बीते दिनों प्रधानों के साथ बैठक कर गोशालाओं की जमीन पर हरा चारा बोने में आ रही परेशानियों की जानकारी ली और उनसे इस काम में मदद का आग्रह किया। बैठक के दौरान यह भी पता चला कि चार गोशालाओं में विद्युत कनेक्शन तक नहीं है। इस पर डीपीआरओ ने विद्युत कनेक्शन करवाने के निर्देश दिए।