जिला बैडमिंटन संघ की ओर से आयोजित जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में अनवर और राशि ने खिताब अपने नाम कर लिया। टीम चैंपियनशिप का खिताब डीपीएस विद्यालय की टीम को मिला। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चैंपियनशिप के अंतिम दिन विभिन्न वर्गों के फाइनल मैच खेले गए। इसमें पुरुष एकल वर्ग में अनवर ने अजीत को 21-19 और 21-18 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
महिला एकल वर्ग में राशि ने डॉ. रितु जैन को 21-15 और 21-8 से हराकर खिताब जीता। अंडर-19 के बालक वर्ग के फाइनल में रोहित ने उत्कर्ष को 21-19 और 21-10 से हराया। वेटरन एकल पुरुष वर्ग में नीरज गर्ग ने मनोज बंसल को 21-6 और 21-6 से हराकर खिताब जीता। मिश्रित युगल वर्ग का खिताब अजीत और मालविका की जोड़ी ने तनु और करिश्मा को 21-15 और 21-16 से हराया। बालक और बालिकाओं की स्कूल टीम चैंपियनशिप का खिताब दोनों वर्गों में डीपीएस की टीम ने जीते।
सीडीओ मनीष वर्मा और एसबीआई मथुरा के सीनियर मैनेजर नवल किशोर अग्रवाल ने विजेता टीम और खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समापन समारोह की अध्यक्षता बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष मुनीश भार्गव ने की। सचिव एनके अग्रवाल ने विजेताओं को शुभकामनाएं दी। इस दौरान रवि उपाध्याय, राकेश शर्मा, शक्ति सिंह, केजी यादव, तन्मय, सुरेंद्र धीमान उपस्थित रहे।