सौंख रोड पर पेट्रोल पंप के निकट कॉलोनी में भरा दो-दो फीट पानी।
मथुरा। रविवार सुबह चार बजे से तीन घंटे तक हुई जोरदार बारिश से शहर में जगह-जगह भयंकर जलभराव हो गया। अंडरपासों और विभिन्न मार्गों पर जलभराव होने से आवागमन ठप हो गया। कई कॉलोनियों में पेड़ उखड़ गए। सौंख अड्डा रोड पर जलभराव होने से एक घंटे तक जाम लगा रहा। मार्ग पर दो-दो फीट तक पानी भर गया। ऐसे में राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग ने सोमवार को भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
सुबह चार बजे से शुरू हुई बारिश तीन घंटे तक होती रही। इससे नए बस स्टैंड अंडरपास, भूतेश्वर अंडरपास, महोली रोड, कृष्णानगर, सौंख अड्डा रोड, छत्ता बाजार और चंदनवन समेत कई कॉलोनियों में भयंकर जलभराव हो गया। जोरदार बारिश के साथ-साथ तेज हवा से डैंपियर नगर स्थित गोल चक्कर पर पेड़ उखड़ गया और धौलीप्याऊ के निकट मोतीकुंज में भी तेज हवा से पेड़ टूट गया। सौंख अड्डा रोड पर दो-दो फीट पानी भर गया। इससे भरतपुर गेट से पेट्रोल पंप तक दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
राहगीर घंटों तक जाम में फंसे रहे। हालांकि अंडरपासों पर नगर निगम की टीम ने अतिरिक्त पंप सेट लगाकर जलनिकासी की। इधर, तीन घंटे तक हुई जोरदार बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे। साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी होती रही। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, सोमवार को भी जोरदार बारिश का पूर्वानुमान है। साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी।