श्री बांकेबिहारी जी के दर्शनों को उमड़ा भक्तों का सैलाब।
वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में क्रिसमस के अवकाश पर बृहस्पतिवार को ठाकुरजी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। सुबह मंदिर के पट खुलने से पहले ही गलियों में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ के दबाव और धक्कों के बीच श्रद्धालुओं ने बमुश्किल आराध्य के दर्शन किए।
सुबह ठंड के बावजूद ठाकुरजी के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहले दर्शन पाने की चाह में मंदिर के पट खुलने से पहले ही द्वार पर पहुंच गये। संकरी गलियों में भीड़ जमा हो गई। श्रद्धालु आराध्य की एक झलक पाने के लिए लालायित दिखे। मंदिर के दो प्रवेश द्वारों के सामने सीढ़ियों से लेकर जुगलघाट तिराहा एवं विद्यापीठ चौराहा तक भक्तों की कतार लगी रहीं। हाथ में फूल माला और प्रसाद लिए मंदिर की ओर चल रहे श्रद्धालु आराध्य के दर्शन आतुर दिखे। शाम की बेला में भी श्रद्धालुओं की भीड़ पट बंद होने तक लगी रही। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत अशोक गोस्वामी ने बताया कि नए साल से पहले छुट्टी होने पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में आराध्य के दर्शन के लिए आ रहे हैं।