बेलवन मंदिर में मां महालक्ष्मी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। मान्यता है कि मां लक्ष्मी इस मंदिर में कान्हा के संग रास रचाने के लिए आज भी तपस्या कर रही हैं।
मथुरा के मंट कस्बे के जहांगीरपुर गांव के पास यमुना किनारे बेलवन मंदिर में मां महालक्ष्मी के दर्शन के लिए पौष महीने के पहले बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में भक्त उमड़े। भक्तों ने मां के दर्शन कर मनौती मांगी। भंडारे में खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से शुरू हुआ भक्तों के आने क्रम देर शाम तक जारी रहा। इस अवसर पर लगे मेले में महिलाओं ने जमकर खरीदारी की और बच्चों ने झूलों का लुत्फ उठाया।
विज्ञापन
पौष माह के पहले बृहस्पतिवार को सुबह से ही श्रद्धालु बेलवन पहुंचने लगे। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने घंटों इंतजार कर मां के दर्शन किए। भक्तों के सैलाब के कारण रास्ते में जगह-जगह जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। दूर-दराज से आए भक्तों ने मंदिर पर भंडारा भी किया। यहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
महालक्ष्मी ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि इस बार पौष माह में चार मेले का आयोजन होगा। मां के दर्शन करने आईं कल्पना अग्रवाल, रेनू ने बताया कि वह पांच वर्षों से यहां आ रहीं हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने भी मेले का निरीक्षण कर मां के दर्शन किए। इस मौके पर एसडीएम अभिनव जे जैन, तहसीलदार पवन कुमार, थाना प्रभारी राजीत वर्मा, धर्मवीर सिंह, खेमचंद, रामेश्वर राघव, किशोरी लाल, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।