संकीर्तन शवयात्रा में शामिल लोग ।
राधाकुंड (मथुरा)। कस्बे में बीती रात भक्त विनोद कृष्ण दास की हत्या और लूट से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बृहस्पतिवार को गौड़ीय संप्रदाय से जुड़े सैकड़ों भक्त राधाकुंड पहुंच गए। हरिनाम संकीर्तन के साथ शवयात्रा राधा-श्याम कुंड की परिक्रमा करते हुए शाम 6 बजे शमशान स्थल पर पहुंची। यहां विभास प्रभु ने चिता को मुखाग्नि दी। एसएसपी श्लोक कुमार ने मामले के खुलासे के लिए चार टीम गठित की हैं।
बुधवार को बघेल मोहल्ला स्थित गोपी विहार कॉलोनी में बदमाशों ने सेवानिवृत्त सैनिक विनोद कृष्ण दास के मकान में धावा बोल दिया था। घर घुसकर लूटपाट की और विनोद की हत्या कर दी। परिजन ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। सुबह जम्मू-कश्मीर, गुजरात, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड से सैकड़ों की संख्या में भक्त उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए राधाकुंड पहुंचे।
शाम 4 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव उनके निवास स्थल पर पहुंचा। यहां से भक्तों ने हरे राम-हरे कृष्णा का संकीर्तन करते हुए शवयात्रा निकाली। पुष्पार्चन कर विनोद कृष्ण दास की आत्मा शांति की कामना की। भक्तों ने विनोद की हत्या को निंदनीय बताया। स्वामी मकसूद दास ने कहा कि इतनी बड़ी घटना पर लोग आक्रोश व्यक्त कर नारेबाजी करते हैं। यहां भक्त शांतिपूर्वक भगवान से मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रिय ही नहीं रहे, जो उन्हें कृष्ण भक्ति के रास्ते पर ले जा रहे थे, तब वे कैसे राधाकुंड में रह पाएंगे। अब भगवान के अलावा हमारा कोई नहीं है।
-
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज देखने के साथ सर्विलांस का सहारा लिया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस की चार टीम गठित की गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत