मथुरा के थाना मांट क्षेत्र के अंतर्गत वंशीवट में घूमने आए छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले श्रद्धालु का बेटा बीती शाम को लापता हो गया था। उसका शव वंशीवट में स्थित कुंड में मिला है। शव को कब्ज़ में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी विनय कुमार अपने परिवार के सात लोगों के साथ कई दिन पहले ब्रज दर्शनों के लिए आए थे। रविवार को वह अपने परिवार के साथ मांट के निकट स्थित वंशीवट में दर्शन करने के लिए आए और देर शाम तक साधु संतों की कुटिया के दर्शन किए और बाद में गाड़ी से चल दिए। कुछ दूर जाने के बाद पता चला कि उनका पांच वर्षीय बेटा शौर्य उनके साथ नहीं है। लौटकर वंशीवट में उसकी तलाश की लेकिन कहीं उसका पता न चल सका।
मामले की जानकारी मांट पुलिस को दी गई। पुलिस ने भी बच्चे की तलाश शुरू कर दी। शौर्य का पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह उसका शव वंशीवट में स्थित श्याम तलैया कुंड में उतराता हुआ मिला है। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह ने बताया कि शव को कुंड से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद परिवार के रो-रोकर बुरा हाल है।