पर्द के पीछे छिपे फर्नीचर को देखते उपमुख्यमंत्री व विधायक
नौहझील (मथुरा)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौहझील का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां इमरजेंसी कक्ष की खिड़की के शीशे व जाली टूटी देख भड़क गए। उनका पारा तब और चढ़ गया जब टैंट के पर्दे के पीछे फर्नीचर रखा मिला। उन्होंने जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए फर्नीचर संबंधी दस्तावेज मंगा लिए। उपस्थिति पंजिका में एक ही पेन से कर्मचारियों के हस्ताक्षर देख उनका माथा ठनक गया।
उपमुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम सीएचसी में स्थापित एमएनसीयू नर्सिंग स्टेशन, मदर न्यू बोर्न केयर यूनिट का निरीक्षण किया। दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो वहां एक टेंट का पर्दा लगा देखा। उसके ऊपर मेंटीनेंस का पर्चा लगा हुआ था। उन्होंने और विधायक राजेश चौधरी ने जब पर्दा हटाया तो वहां नया फर्नीचर रखा मिला। उपमुख्यमंत्री ने सीएचसी प्रभारी से फर्नीचर के बारे में पूछा। सीएचसी प्रभारी हेमराज सिंह ने बताया कि फर्नीचर सब सेंटरों के लिए आया है। पाठक ने कहा कि अब तक क्यों नहीं लगा और इसे ढकवाया क्यों है। उन्होंने फर्नीचर कब रिसीव किया उसके कागज देखने को मंगाए।
पाठक ने मरीजों से संवाद कर सीएचसी पर मिलने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी की। आशाओं और स्टाफ से एक-एक कर वार्ता की। सीएचसी पर तैनात कुछ स्वास्थ्य कर्मियों के उपस्थिति रजिस्टर में एक पेन से हस्ताक्षर देख इसका कारण पूछा व उनसे अलग कागज पर हस्ताक्षर कराकर मिलान कराया। गर्भवती महिलाओं के आपरेशन संबंधी सवाल पर सीएचसी प्रभारी ने बताया कि आपरेशन की हालत में गर्भवती महिला को मथुरा रेफर किया जाता है।
उपमुख्यमंत्री ने सीएचसी पर जल्द आपरेशन सुविधा कराने की बात कही। उप मुख्यमंत्री ने सीएमओ डाॅ. संजीव यादव व सीएचसी प्रभारी हेमराज सिंह को सफाई व अन्य अनियमितताओं को लेकर निर्देश दिए। इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी व बृज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य हैलीकॉप्टर से नौहझील-रायपुर रोड स्थित हेलिपैड पर पहुंचे। यहां उनका स्वागत विधायक राजेश चौधरी ने किया। पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।