मथुरा। बारिश के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए घर-घर सर्वे और जांच अभियान तेज कर दिया है। जिला मलेरिया विभाग की अर्बन टीम ने शहर के 11,700 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 16 घरों में डेंगू और मलेरिया का लार्वा मिला। टीमों ने घरों में रखे 21,868 कंटेनरों की भी जांच की।
जिला मलेरिया अधिकारी चंद्रप्रकाश मिश्रा ने बताया कि अर्बन टीम ने घर-घर पहुंचकर कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने बर्तनों, ड्रम और अन्य स्थानों पर जमा पानी की जांच की। सर्वे के दौरान जिन घरों में मच्छरों का लार्वा मिला, वहां उसे नष्ट कराया गया।
उन्होंने बताया कि बारिश के बाद घरों और आसपास जमा पानी में मच्छरों का प्रजनन तेजी से होता है। टीमों ने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास जलभराव न होने दें और पानी जमा होने वाले स्थानों को नियमित रूप से साफ करते रहें।