मथुरा। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर देवीपुरा बाजना पुल के नजदीक वाटर पार्क काॅलोनी में हो रहे अवैध निर्माणों को बुधवार को विकास प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया। यहां करीब 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही है। इससे पहले भी विकास प्राधिकरण इस काॅलोनी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर चुका है।
अवर अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि बाजना रोड देवीपुरा वाटर पार्क कॉलोनी लगभग 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही है। अवैध निर्माण को लेकर मथुरा वृंदावन प्राधिकरण में वाद चल रहा था। इसमें सुरेश अग्रवाल द्वारा काॅलोनी में कमरे का निर्माण कर लिया गया है। इसके ध्वस्तीकरण के आदेश हुए थे। इसी परिपेक्ष्य में 29 जनवरी 2021 एवं 17 अगस्त 2021 को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद उसी स्थल पर संबंधित व्यक्ति द्वारा फिर निर्माण कार्य किया गया। इस पर प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता कौशलेंद्र चौधरी के नेतृत्व में थाना हाईवे की चौकी आजमाबाद से पुलिस बल लेकर प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सड़क, दुकानों की दीवार व मकान को तोड़ दिया गया। इसके साथ ही बिल्डर को हिदायत दी गई कि कॉलोनी का मानचित्र स्वीकृत होने के बाद ही निर्माण कार्य किया जाए।