कोसीकलां (मथुरा)। पाताल कोट एक्सप्रेस ट्रेन से चाचा के ब्रह्मभोज में शामिल होने बहन एवं पुत्र के साथ झांसी जा रहा युवक बेहोश हो गया। यात्रियों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर कोसी स्टेशन पर रोक जीआरपी को सूचना दी। पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बृहस्पतिवार को कोसीकलां रेलवे स्टेशन पर पाताल कोट एक्सप्रेस की चेन पुलिंग हुई तो ट्रेन रुकते ही रेलवे पुलिस हरकत में आ गई और ट्रेन की जनरल बोगी में से कुछ यात्रियों ने एक युवक के बेहोश होने की सूचना दी। आरपीएफ ने ट्रेन से अंबाला से झांसी जा रहे एक युवक को उतार लिया। जिसे सीएचसी ले जाते समय मौत हो गई। मृतक राजवीर पुत्र अर्जुन सिंह निवासी अंबाला के साथ उसका पुत्र पीयूष एवं बहन सुनीता उर्फ खुशबू भी साथ थे।
मृतक की बहन ने बताया कि वह चाचा के ब्रह्मभोज में शामिल होने जा रहे थे। ट्रेन की जनरल बोगी में बैठे भाई के सीने में अचानक दर्द हुआ और ट्रेन में बैठे लोगों ने सहायता के लिए कोसीकलां स्टेशन पर चेन पुलिंग कर पुलिस को सूचना दी। बहन के किसी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार करने का लिखित पत्र देने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया और एंबुलेंस से अंबाला भेज दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत हार्ट अटैक के चलते हुई है।