टाउनशिप (मथुरा)। थाना रिफाइनरी क्षेत्र की कदम विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे रेलवे कर्मचारी का शव सोमवार को बंद कमरे में मिला। दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी तो रिफाइनरी पुलिस व आरपीएफ के जवान मौके पहुंचे। जवानों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा तो शव फर्श पर पड़ा मिला।
लखनऊ के थाना मानक नगर के दौदाखेड़ा निवासी वीरेंद्र वर्मा (35) बाद रेलवे स्टेशन पर ग्रुप डी में कार्यरत थे। शुक्रवार व शनिवार को वह अवकाश पर थे। वह टाउनशिप की कदम विहार कॉलोनी में मानक चंद के मकान में किराए पर रहते थे। सोमवार सुबह जब कमरे से दुर्गंध आई तो मकान मालिक ने रिफाइनरी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस के साथ ही आरपीएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे।
जवानों ने कमरे का गेट तोड़कर अंदर देखा रेलवे कर्मचारी का शव कमरे के फर्श पर मिला। सिर पर चोट के निशान मिले हैं। इस कारण मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनाम भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में बाद चौकी प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि रेलवे कर्मी का शव दो तीन दिन पुराना लग रहा है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए हैं।