वृंदावन (मथुरा)। परिक्रमा मार्ग स्थित मोहिनी नगर कॉलोनी स्थित एक मकान में किराए पर रह रहे एक व्यक्ति का शव बंद कमरे में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मोहिनी नगर निवासी रामजीत के मकान में करीब 6 माह से किराए पर कमरा लेकर एक व्यक्ति रह रहा था। वह पिछले डेढ़ माह से बीमार था। बृहस्पतिवार सुबह से ही कमरे का दरवाजा न खुलने पर मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। जब देर रात तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो उक्त व्यक्ति कमरे में मृत अवस्था में पड़ा था। तलाशी के दौरान आधार कार्ड से मृतक की पहचान बालचंद्र कुर्मी पुत्र दुरावल निवासी पहाड़पुर खुर्द गाजीपुर के रूप में हुई है। चौकी प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि मृतक व्यक्ति की उम्र लगभग 50 वर्ष के लगभग लग रही है। कमरे से कुछ फोन नंबर भी मिले हैं। इन नंबरों पर बात कर परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।