मथुरा/राया। राया पुलिस और स्पेशल टास्क टीम की बृहस्पतिवार की देररात बदमाशों से हुई मुठभेड़ में 10 हजार का इनामी शातिर लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनके कब्जे से हथियार और बाइक बरामद की है।एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि देररात पिलूखनी नहर पुल से पहले रेलवे फाटक के निकट एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध लोग घूम रहे थे, तभी एसएचओ राया अजय किशोर, स्पेशल टास्क टीम प्रभारी अजय वर्मा, एसआई हरेंद्र कुमार और सिपाही सोनू भाटी ने बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। बचाव करते हुए टीम ने फायर किया तो एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
एसपी देहात ने बताया कि घायल लुटेरा शैलेंद्र उर्फ शैलू निवासी ग्राम नगला देह थाना मांट है, जोकि 10 हजार रुपये का इनामी है। उसके दो साथियों कन्हैया उर्फ कान्हा और सीताराम निवासी नगला देह थाना मांट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। इनके कब्जे से एक बाइक, तमंचा 315 व 12 बोर कारतूस बरामद किए हैं। शैलू गैंगस्टर बदमाश है। इसके खिलाफ लूट, हत्या आदि के राया, मांट, सिकंदरा आगरा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में विभिन्न मामले दर्ज हैं।