मथुरा। गोविंदनगर के राधा आर्चिड में सोमवार की सुबह खाली पड़े प्लाट पर बने कमरे में चौकीदार का शव रस्सी के फंदे लटका मिला है। मृतक के परिजनों ने हत्या करके शव को लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस दौरान मौके से तीन पेज का सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें पुजारी और इलेक्ट्रिशियन के ताने से परेशान होकर ऐसा कदम उठाना बताया गया है।
थाना बरसाना के गांव डिरावली निवासी रेखपाल (36) पुत्र भीमा को अजय चतुर्वेदी के खाली पड़े प्लाटों की देखरेख के लिए चौकीदारी पर रखा हुआ था। सोमवार की सुबह सात बजे पत्नी ने उसका शव टिनशेड पड़े हुए कमरे में बल्ली पर रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। इस दौरान मौके पर आसपास के लोग जुट गए। वहीं, उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची गोविंदनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद तलाशी ली। इस दौरान मृतक के पास तीन पेज का सुसाइड नोट भी मिला है।
वहीं, मृतक के चचेरे भाई बिजेंद्र ने हत्या करके शव लटकाने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट में शुरुआत सभी भाइयों को राम-राम से हुई है। उसके बाद मंदिर के पुजारी और इलेक्ट्रिशियन के आए दिन के तानों के बारे में लिखा गया है। तानों में स्पष्ट तो नहीं लिखा गया, पर इतना जरूर है पत्नी को लेकर भी लिखा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।