ब्रज के राजा के जन्मोत्सव का मंगलवार को आगाज हो गया। दाऊजी महाराज मंदिर से मंगलवार को भागवत की भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु उमड़ पड़े। जगह-जगह पुष्प बरसा एवं आरती उतारी गई। ब्रजराज की नगरी में भक्ति रस की बारिश हुई।
कलश शोभायात्रा में 108 कलशों को सिर पर रखकर महिलाएं दाऊजी मंदिर सिंह पौर द्वार से निकलीं। शोभायात्रा का शुभारंभ व्यास इंद्रेश उपाध्याय और संत काठिया बाबा ने पूजा-अर्चना कर किया। मंदिर से प्रारंभ होकर शोभायात्रा स्टेट बैंक, जवाहर रोड, पश्चिमी स्कूल, मोती बाजार, शिवरतन बाजार होते हुए वापस मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा में बग्गी पर दाऊजी और रेवती मैया की छवि विराजमान थी। बैंडबाजों की धुन पर श्रद्धालु संकीर्तन करते चल रहे थे। व्यासपीठ से इंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि भागवत कथा भगवान का साक्षात स्वरूप है। प्रत्येक श्रद्धालु प्रतिदिन भागवत श्रवण अवश्य करे।
कार्यक्रम में मंदिर रिसीवर आरके पांडेय, हेमंत पांडेय, दिनेश पांडेय, ब्रजेश पांडेय, राजेश पांडेय, मदन गोपाल पांडेय, कन्हैया लाल, सुरेश पांडेय, प्रदीप पांडेय, बैकुंठ नाथ पांडेय, रामदयाल पांडेय, जगदीश पांडेय, मुकेश पांडेय, भगवत, सूखी पांडेय, सुनील, सौरभ, विष्णु पांडेय आदि उपस्थित रहे।