मथुरा। तिब्बत के आध्यात्मिक धर्मगुरु दलाई लामा दो दिवसीय धार्मिक यात्रा पर 22 सितंबर को मथुरा आ रहे हैं। दलाई लामा महावन स्थित रमणरेती आश्रम पहुंचेंगे। ब्रज प्रवास के दौरान धर्म गुरु धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
रमणरेती आश्रम से जुड़े कार्ष्णि संत नागेंद्र दत्त गौड़ ने बताया कि तिब्बत के आध्यात्मिक धर्मगुरु दलाई लामा 22 सितंबर की सुबह 10 बजे महावन स्थित रमणरेती धाम आश्रम पहुंचेंगे। रमणरेती आश्रम में कार्ष्णि संत गुरु शरणानंद महाराज की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान 22 सितंबर को दलाई लामा रमणबिहारी के दर्शन के साथ अभिषेक, हवन में शामिल होंगे। इसके साथ दलाई लामा कार्ष्णि गुरु शरणानंद महाराज से अध्यात्मिक चर्चा करेंगे। इसके बाद ब्रज के प्रमुख संतों के साथ बैठक भी करेंगे। इसी प्रकार 23 सितंबर को भी धर्मगुरु दलाई लामा रमणरेती धाम में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। उन्होंने बताया कि दलाई लामा के आगमन को लेकर रमणरेती धाम में तैयारियां शुरू हो गईं हैं।