कोसीकलां। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गोपाल बाग पर एक डेयरी पर छापा मारा और 600 किलोग्राम मिलावटी पनीर और पनीर बनाने का सामान बरामद किया। डेयरी संचालक को पुलिस ने एसीजेएम न्यायालय में पेश किया। जहां से डेयरी संचालक को जेल भेज दिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में जनपद में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दलवीर सिंह व जितेन्द्र सिंह ने गोपाल बाग पर बृजवासी डेयरी पर छापामार कार्रवाई की। डेयरी संचालक मुबारक निवासी गांव नगला सिरौली से जब सामान के कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सके।
टीम ने डेयरी से मिलावटी 600 किलोग्राम पनीर, 60 लीटर रिफाइंड पामोलीन ऑयल, 100 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पावडर एवं लगभग आठ किलो सफेद घोल बरामद कर डेयरी को सील कर दिया और डेयरी संचालक को हिरासत में ले लिया। टीम ने 6 नमूने लेकर जांच को राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया। वहीं डेयरी संचालक के खिलाफ मिलावटी सामान बेचने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है।संवाद