मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ सामान्य रही। बीते वर्षों के अनुभव के आधार पर तैयार की गई भीड़ नियंत्रण रणनीति कारगर साबित हुई। स्टेशन पर अचानक बढ़ने वाले भीड़ के दबाव को रोकने के साथ ही यात्रियों की आवाजाही को भी सुगम बनाए रखा गया।
मथुरा जंक्शन के प्रथम और द्वितीय प्रवेश द्वार पर बनाए गए होल्डिंग एरिया ने भीड़ को एक साथ स्टेशन के भीतर पहुंचने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार इन क्षेत्रों में रोका गया, जिससे प्लेटफॉर्म और प्रवेश मार्गों पर अनावश्यक दबाव नहीं बढ़ा।
इससे यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रही। स्टेशन की सुरक्षा और निगरानी के लिए आरपीएफ के 202 और जीआरपी के 160 जवान तैनात रहे। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ हाईजूम 280 कैमरों से भी निगरानी की गई।
जन्माष्टमी पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले से इंतजाम किए गए थे। होल्डिंग एरिया और बैरिकेडिंग से भीड़ को नियंत्रित रखा गया। इससे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही सुगम रही और भीड़ का दबाव नहीं बढ़ने दिया गया।
संजय कुमार गौतम, जनसंपर्क अधिकारी, आगरा मंडल