आईओपी डिग्री कालेज में बहन का दाखिला कराने गए युवक को कॉलेज के दो कर्मचायिों ने पीट दिया। बहन के शोर मचाने पर पहुंचे छात्रों ने किसी तरह युवक को बचाया। पीड़ित ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
ज्ञान गुद्ड़ी निवासी जनार्दन शर्मा गुरुवार की सुबह बहन श्रुति शर्मा का बीकॉम में दाखिला कराने आईओपी कॉलेज गया था। फार्म लेकर बहन लाइन में लगी थी, भीड़ अधिक होने के कारण जनार्दन फार्म लेकर सीधे कार्यालय के अंदर चला गया। इसी बात को लेकर कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी सुभाष सरकार और सौरभ ने जनार्दन के साथ मारपीट शुरू कर दी। भाई को पिटता देख श्रुति ने शोर मचा दिया।
मौके पर पहुंचे छात्रों ने जनार्दन को कर्मचारियों के चंगुल से आजाद कराया। इस घटना के बाद अन्य छात्राओं के परिजनों में भी रोष फैल गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जनार्दन शर्मा ने सुभाष सरकार और सौरभ के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं कालेज के प्राचार्य यूसी दुबे ने कहा कि बाहरी लोगाें को कार्यालय में प्रवेश वर्जित है। मारपीट करने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वह इसकी जांच करा रहे हैं कि गलती किसकी है।