थाना बलदेव क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर लूट के मामले में क्षेत्र के दो नामी पहलवानों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे लूट का माल भी बरामद किया गया है।
एक्सप्रेसवे पर सात जनवरी को रिफाइनरी कर्मचारी देवेन्द्र प्रताप सिंह निवासी महोली रोड कृष्णानगर से लैपटॉप, मोबाइल, नकदी आदि लूटी गई थी।
एसएसपी डा. राकेश सिंह ने बताया कि मामले में बलदेव पुलिस ने गांव इंदावली निवासी चंद्रवीर पहलवान और गांव बरौली निवासी श्यामवीर पहलवान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे थाना हाईवे के गांव महोली निवासी जीतू उर्फ जितेन्द्र और बरौली बलदेव निवासी करन के साथ लूट करता था।
पुलिस ने चंद्रवीर और श्यामवीर के कब्जे से लूटा गया लैपटॉप, नौ लूटे गए मोबाइल, लूट में प्रयोग हुई बाइक, दो तमंचे, कारतूस आदि बरामद किए हैं। इस दौरान सीओ महावन अजय कुमार भी मौजूद रहे।
राया कट से सवारी बन बैठते थे
मथुरा। लुटेरे पहलवानों ने एक्सप्रेसवे पर लूट का अपना तरीका बना रखा था। दो पहलवान एक्सप्रेसवे पर जाकर राया कट से खासकर महिलाओं वाली बस में सवारी के रूप में बैठ जाते।
दो अन्य बलदेव क्षेत्र में एक्सप्रेसवे किनारे खड़े रहते। बस को उस स्थान के आसपास ही रुकवाते जहां दूसरे लुटेरे पहलवान खड़े होते थे। मौका देखकर सवारियों से लूटपाट करते और भाग जातेे। एक्सप्रेसवे पर थाना पुलिस तक पहुंचने में दिक्कत के चलते कई लोग तो बिना शिकायत कराए ही चले जाते।