यमुना एक्सप्रेसवे से इंडिका कार लूटने के बाद मथुरा की ओर भागे दो बदमाशों को यमुनापार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। बदमाशों ने कार खराब होने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे के राया कट के समीप बाइक लूटकर भागने का प्रयास किया था। इनके कब्जे से दोनों वाहन और दो मोबाइल बरामद हुए हैं।
दयालबाग, आगरा के अंतर्गत नगला बूढ़ी निवासी अनिल कुमार दिवाकर पुत्र पदम सिंह दिवाकर शुक्रवार को इंडिका कार से अलीगढ़ से सवारी छोड़कर आगरा लौट रहे थे। इसी दौरान कालू उर्फ देवेंद्र और देशदीपक निवासी सासनी गेट अलीगढ़ मिले और आगरा के लिए लिफ्ट मांगी। कार में बैठने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 136 पर दोनों ने चालक के सिर में चोट कर कार में नीचे डाल लिया।
थोड़ी दूर जाकर चालक को फेंक दिया। इसके बाद चालक ने एक्सप्रेसवे के पेट्रो वैन को सूचित किया। पेट्रो वैन में बैठकर कार का पीछा किया तो भागने के लिए बदमाशों ने राया कट पर कार को उतारने का प्रयास किया। इसी दौरान कार खराब हो गई। यहां से वह पैदल मथुरा की ओर भागे। यहां एक्सप्रेसवे कट के समीप रामवीर सिंह पुत्र भगवान सिंह नगला भाऊ मुरसान की बाइक तमंचा लगाकर लूट ली और बाइक पर बैठकर भागने लगे।
सूचना पर पुलिस भी इनके पीछे लग गई। इससे घबराकर बदमाश गौसना के समीप से लोहवन गांव में घुस गए और महावन रोड पर थाना यमुनापार पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर दोनों बदमाशों को बाइक समेत पकड़ लिया और थाने ले आई। एसपीआरए अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ में कार और बाइक लूट के दोनों बदमाशों को पकड़ लिया है। बताया कि लूटी कार और बाइक समेत दोनों के पास से दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।
बदमाशों को देख फैल गई दहशत
राया। यमुना एक्सप्रेस वे पर दिनदहाड़े बदमाशों को हवा में असलाह लहराते देख दहशत फैल गई। जैसे ही बदमाशों के इंडिका कार चालक को लूटने की सूचना आई तभी राया में यमुना एक्सप्रेसवे पर गार्ड सक्रिय हो गए थे। जब राया में कार को रोकने का प्रयास किया तभी बदमाशों ने असलाह बाहर निकाल लिए। आसपास के लोग यह देख कर भयभीत हो गए।