श्रीजीधाम बरसाना में मंगलवार की रात कुछ शरारती तत्वों ने तीन शिवमंदिरों में तोड़ फोड़ की। एक मंदिर से दो शिवलिंग काटकर उठा ले गए तो एक मंदिर का शिवलिंग उखाड़ दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में गांव चिकसौली निवासी युवक जन्नी के घटना में शामिल होने का अंदेशा जताया गया है। पुलिस ने एक अन्य युवक को हिरासत में भी लिया है।
घटना का पता बुधवार सुबह उस समय चला जब परिक्रमा कर रहें लोग इन मंदिरों में जल चढ़ाने पहुंचे। परिक्रमार्थियों ने देखा कि शरारती तत्वों ने गहवर कुंड स्थित प्राचीन कुंडेश्वर महादेव मंदिर में जमकर तोड़ फोड़ की और यहां से लगभग 80 साल पुराने शिवलिंग को काटकर ले गए।
इसके पास से ही लगभग पांच छह साल पहले स्थापित किए गए एक और शिव लिंग को भी काट ले गए। इस मंदिर से कुछ आगे स्थित परिक्रमा मार्ग पर गार्गीबाई आश्रम में भी तोड़फोड़ मचाई। यहां भी प्राचीन गहवरेश्वर महादेव मंदिर के शिव लिंग उखाड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह मानसिक बीमार की करतूत लगती है और नामजद युवक भी इसी तरह का है। पुलिस जांच में जुटी है।
उधर मान मंदिर बरसाना के संत रमेश बाबा, हिंदूवादी नेताओं और अन्य संतों ने इस घटना की कड़ी भर्त्सना की। पहले भी इस क्षेत्र से प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियां चोरी होती रहीं हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और संतों ने घटना में मूर्ति चोरों का हाथ होने की संभावना जताई है।