निकासा क्षेत्र में शुक्रवार को हुई पंचायत के फरमान पर एक किशोर को सिर मुड़वाकर मोहल्ले में घुमाया गया। उसके परिवार को एक माह में मोहल्ला छोड़कर जाने का भी फरमान सुनाया गया है। किशोर पर एक बच्चे के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप लगाया गया है। नगर में घटना की चर्चा जोरों पर है।
बताए अनुसार निकासा क्षेत्र के मोहल्ला में रहने वाले एक किशोर ने गुरुवार दोपहर पड़ोस में रहने वाले एक पांच वर्षीय बालक को बहला फुसलाकर उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। घटना के बारे में पता चलने पर बच्चे के परिवारीजनों ने किशोर को पकड़ लिया और उससे पूछताछ की।
सख्ती से पूछने पर उसने सब कुछ बता दिया। इसके बाद गुरुवार रात में मोहल्ले में एक पंचायत बुलाई गई। इसमें आरोपी किशोर को सिर मुंडाकर घुमाने और आरोपी के परिवार को एक माह में कोसी छोड़ने का फरमान सुनाया गया। शुक्रवार सुबह आरोपी किशोर का सिर मुड़ाकर मोहल्ले में घुमाया गया। नगर में इस घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही। इस संबंध में थानाध्यक्ष कोसीकलां ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।