कृष्णानगर में राधारानी ज्वेलर्स के 88 लाख रुपये लूट की घटना के महज पांच घंटे बाद ही बरामद हो गए। लूटने वाले कोई और नहीं, बल्कि ज्वेलर्स के वही नौकर शामिल थे जो पैसा लेकर आ रहे थे। इन दोनों नौकरों ने अपने परिवार के एक युवक को और शामिल कर लिया था। कल तक घटना से ही इंकार करने वाली पुलिस आज इसे एक बड़ा खुलासा बताकर अपनी पीठ थपथपा रही है।
बुधवार दोपहर को होने वाली यह ऐसी अनोखी लूट थी जिसे शुरुआत में खुद ज्वेलर्स और पुलिस नकारती रही। ज्वेलर्स ने कहा था कि बदमाश एक ऐसा थैला नौकरों से छीनकर ले गए हैं जिसमें केवल कागजात थे। लेकिन बुधवार की रात करीब ग्यारह बजे यह वारदात अचानक 88 लाख की लूट में कोतवाली में दर्ज करा दी गई। पुलिस ने भी ज्वेलर्स के नौकर बलराम और मुकेश निवासी नगला सिरिया मांट को हिरासत में लिया और कुछ ही देर में वारदात का खुलासा कर डाला।
पुलिस लाइन में पुलिस कप्तान मोहित गुप्ता ने बताया कि लूट की इस वारदात में बलराम और मुकेश के साथ बलराम का भाई संतोष भी शामिल था। संतोष ने ही दोनों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका था और 88 लाख की नकदी से भरा थैला छीनकर भाग गया था। बलराम और मुकेश एक ज्वेलर्स के यहां कैश लेकर लौट रहे थे। डीआइजी ने लूट का खुलासा करने वाली कोतवाली पुलिस को 10,000 रुपये का इनाम दिया है।