हाईवे से सटी तत्वदर्शी कालोनी में बुधवार की दोपहर इलाज कराने के बहाने फार्मासिस्ट वीके सारस्वत के घर में घुसे छह बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने गृहस्वामी की पत्नी को बाथरूम में बंद कर दिया और 12वीं के छात्र उनके बेटे के हाथ पैर बांधकर घर में डाल दिया।
करीब आधा घंटे बदमाश घर में रहकर लूटपाट करते रहे और चार लाख रुपये कैश व करीब छह लाख रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए। उनके भागने के करीब ढाई घंटे बाद महिला और उनका बेटा किसी तरह दरवाजा तोड़कर बाहर आए, तब जाकर मोहल्ले के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी हुई। फार्मासिस्ट की पत्नी सरोज मातृत्व अस्पताल की डायरेक्टर भी हैं।
वारदात बुधवार करीब साढ़े बारह बजे हुई और तत्वदर्शी कालोनी की गिनती शहर के पाश इलाकों में होती है। कालोनी के मकान नंबर 27 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओल पर तैनात फार्मासिस्ट वीके सारस्वत अपने परिवार के साथ रहते हैं। फार्मासिस्ट रोजमर्रा की तरह सुबह को ड्यूटी पर चले गए थे जबकि उनकी बेटी श्रुति कालेज गई थी।
घर पर उनकी पत्नी सरोज और बेटा सोनिक सारस्वत थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जैसे ही काम वाली घर से निकली तभी छह बदमाश दरवाजे पर पहुंच गए और सोनिक से कहा कि डाक्टर साहब से मिलना है। उनके एक साथी की तबीयत खराब है। सोनिक ने पापा के घर पर न होने की बात कही तो बदमाशों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया और घर में दाखिल हो गए।
सोनिक के हाथ पैर बांध दिए और एक तरफ बैठा दिया। गृहस्वामी की पत्नी सरोज नहा रही थीं लिहाजा उन्होंने बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। करीब आधा घंटे बदमाश घर में रहे और सभी चार कमरों को खंगाला। साढ़े तीन बजे मकान से बाहर आने के बाद सरोज ने पास में रहने वाले अपने भाई राजेश को फोन करके घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर फार्मासिस्ट वीके सारस्वत भी घर पर पहुंच गए थे। सरोज के मुताबिक बदमाशों की संख्या छह थी। यह लोग तो घर के भीतर घुसे थे जबकि माना जा रहा है कि कुछ और बदमाश घर के बाहर रहे होंगे।