थाना सदर बाजार क्षेत्र में कृषि विभाग के चौकीदार और उसके तीन दोस्तों ने घर में अकेला पाकर दलित छात्रा को बंधक बना लिया। चौकीदार ने उसके साथ दुराचार किया। दोस्तों ने छात्रा के साथ मारपीट की। पुलिस पीड़ित परिवार को न्याय देने की जगह समझौता का दबाव बनाती रही। एसएसपी ने आदेश पर 13 दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ है।
पीड़िता का आरोप है कि 25 अप्रैल को वह घर पर अकेली थी। युवक गोविंद घर में घुस आया और उसके साथ बलात्कार किया। विरोध किया तो आरोपी के साथ आए तीन युवकों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपड़ोस के लोग दौड़े तो सभी आरोपी फरार हो गए। परिवार वाले घर पहुंचे तो छात्रा ने उनको पूरी जानकारी दी।
घर वाले छात्रा को लेकर थाना सदर बाजार पहुंचे। वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में परिवार वालों ने एसएसपी कार्यालय पर दस्तक दी। एसएसपी के आदेश पर थाना सदर बाजार मेें गोविंद और उसके तीन साथियों के खिलाफ मुकद्दमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा। सोमवार को छात्रा ने सीओ सिटी जगदीश सिंह के कार्यालय पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए। सीओ सिटी जगदीश सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।