सोमवार की दोपहर को इंडस्ट्रियल एरिया में बेसन फैक्ट्री के मालिक नरेंद्र कुमार की पत्नी मुन्नी देवी (55) की नौकर ने फावड़े से फावड़े प्रहार कर हत्या कर दी। घटना के बाद वह घर में रखी पचास रुपये की नकदी और लाखों रुपये के कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
हाइवे क्षेत्र के अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार दोपहर यह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात हुई। नरेंद्र कुमार वार्ष्णेय की यहां बेसन बनाने की फैक्ट्री है। फैक्ट्री परिसर में ही नरेंद्र कुमार ने अपना मकान बना रखा है। वह यहां अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। सोमवार की दोपहर को करीब 12 बजे नरेंद्र कुमार दवाई लेने के लिए आगरा गए थे। घर पर उनकी पत्नी मुन्नी देवी अकेली थीं। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले ही उन्होंने कृष्णा नाम के एक नौकर को रखा था। मुन्नी देवी की लाश फैक्ट्री परिसर में पड़ी थी। उनके सिर और कमर पर फावड़े से वार किए गए थे। जिस स्थान पर उन्हें मारा गया वहां खून फैला हुआ था।
बताया जा रहा है कि अलीगढ़ में रहने वाली इनकी बेटी डाक्टर निशा गुप्ता मां मुन्नी देवी को फोन कर रही थी। फोन नहीं उठा तो उन्होंने पड़ोस में रहने वाले राधा कृष्ण यादव की पत्नी कल्पना को इसकी जानकारी दी और उन्हें घर भेजा। कल्पना के वहां जाने पर घटना का खुलासा हुआ। कल्पना की सूचना पर नरेंद्र कुमार मथुरा लौटे। उन्होंने देखा कि मकान में अलमारियों के ताले टूटे पड़े थे। 50 हजार की नकदी और सारे जेवरात गायब थे। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने फावड़ा भी बरामद कर लिया है। नौकर कृष्णा की तलाश की जा रही है। वह सिकंदराबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। लेकिन उसका सही ठिकाना किसी को मालूम नहीं है।
बड़ी बेरहमी से कत्ल किया गया मुन्नी देवी का। फावड़े से कत्ल करने के बाद नौकर उनके शव को काफी दूर खींचकर झाड़ियों के पास तक ले गया है। वहां शव फेंककर ऊपर से तिरपाल ढंक दी थी ताकि किसी को पता न चल सके।