श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर रविवार को फिर श्रद्धालुओं से अभद्रता का आरोप सुरक्षाकर्मियों पर लगा है। मामले में श्रद्धालुओं ने शासन में बड़े ओहदे पर बैठे अफसर को फोन मिला दिया। इसके बाद जिला प्रशासन मामला रफा-दफा करने में जुट गया।
दिल्ली से एक परिवार श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन के लिए आया था। तलाशी की प्रक्रिया से गुजरने के बाद भी श्रद्धालु की जेब में इलेक्ट्रानिक सामन चला गया। आरोप है कि इस पर ऊपरी तल पर सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ी तो उन्होंने श्रद्धालु से अभद्रता शुरू कर दी।
श्रद्धालु ने चेकिंग करा कर आने की बात कही। मामला बढ़ने पर श्रद्धालु ने शासन में बड़े ओहदे पर बैठे अपने परिचित अफसर को फोन कर दिया। इस पर डीएम कार्यालय की घंटी बज गई। इसके बाद जन्मस्थान की सुरक्षा में लगे अफसर मामले को रफा-दफा करने में जुट गए।
श्रद्धालु ने मामले की शिकायत श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों से भी की। इस पर संस्थान के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की ओर से अभद्रता की घटनाएं निरंतर बढ़ती जा रही हैं। बीते सप्ताह बिहार के सांसद अश्विनी चौबे के साथ एक घटना हुई थी। प्रशासनिक अधिकारी शिकायतों के बाद भी कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।