100 करोड़ की तेल चोरी में फरार चल रहे तीन तेल माफियाओं के क्राइम ब्रांच ने वारंट हासिल कर लिए हैं। इसके अलावा दो तेल माफियाओं के कुर्की नोटिस हासिल किए हैं। अभी तक क्राइम ब्रांच तेल चोरी में तेल माफिया मनोज गोयल समेत पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। चार तेल चोरों के घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा करा दिए हैं।
मथुरा-जालंधर पाइप लाइन में सेंध लगाकर 100 करोड़ की तेल चोरी में फरार चल रहे जैंत के सुरेश प्रधान, एकता विहार निवासी देबू चौधरी उर्फ देवेंद्र और आगरा के रोहित उर्फ छोटू के पुलिस ने मंगलवार को वारंट हासिल कर लिए हैं। इसी मामले में फरीदाबाद के रवि और गहमा के कुर्की नोटिस भी क्राइम ब्रांच ने हासिल किए हैं। एसीजेएम चतुर्थ की कोर्ट से क्राइम ब्रांच को कुर्की नोटिस मिलने के बाद इनकों घरों पर चस्पा करेगी वहीं क्राइम ब्रांच वारंटियों के कुर्की नोटिस हासिल करने को कोर्ट में प्रार्थना पत्र देगी।
इससे पूर्व तेल माफिया मनोज गोयल, राया के भंकरपुर बसैला रामहरि प्रधान, रवि चौधरी, आगरा के तरविंद सिंह सरदार और परसौतीगढ़ी के कुलदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। क्राइम ब्रांच राया के भंकरपुर बसैला निवासी सगे भाई विष्णु व कृष्णा, थाना राया के गांव अयेरा के गोपाल शर्मा व पालीखेड़ा के प्रधान सुजीत चौधरी के घर पर भी मुनादी कराकर कुर्की नोटिस चस्पा कर चुकी है। इनमें से गोपाल शर्मा हाईकोर्ट से अरेस्टिंग स्टे ले आया है। क्राइम ब्रांच प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि फरीदाबाद के दोनों आरोपियों के घरों पर जल्द ही कुर्की नोटिस चस्पा किए जाएंगे।