थाना हाईवे अंतर्गत गांव जुनसुटी में शादी के दो वर्ष बाद भी बच्चा न होने महिला को उसके पति ने ही गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। शव गांव माधुरीकुंड के किसान के खेत में कुएं में फेंक दिया।
शक के आधार पर पुलिस ने महिला के पति के साथ कड़ाई की तो उसने पूरा मामला बता दिया। हत्या के चार दिन बाद रविवार को पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुएं से महिला का गला हुआ शव बरामद किया।
गांव जुनसुटी निवासी बिज्जो पुत्र अमर सिंह की दो वर्ष पूर्व दूसरी शादी नौपुरा सादाबाद निवासी हीरा देवी से हुई थी। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। चार दिन पूर्व हीरा एकाएक लापता हो गई। बिज्जो के परिवारीजनों ने थाना हाईवे में इसकी सूचना दी।
शक के आधार पर पुलिस ने बिज्जो से कड़ाई से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर हीरा का शव गोवर्धन के गांव माधुरीकुंड के निवासी शिशुपाल के खेत में बने कुएं से बरामद कर लिया। चार दिन में शव गल गया था। आरोपी बिज्जो ने बताया कि दो वर्ष से उसकी पत्नी हीरा के कोई बच्चा नहीं हुआ, उसने बच्चे पैदा करने के लिए राजस्थान के एक वैद्य से दवा लेने को चलने को कहा तो हीरा ने मना कर दिया। इस बात पर उसे गुस्सा आ गया।
18 मई की शाम बिज्जो अपनी पत्नी हीरा को खेत पर ले गया। रात में उसने हीरा की गला दबा कर हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। मृतका के भाई मनोज कुमार ने बिज्जो के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पहली पत्नी के जाने के बाद किया था दूसरा विवाह
हीरा का हत्यारोपी उसका पति बिज्जो मजदूरी करता है। हीरा उसकी दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी के एक बेटा हुआ था जिसकी मौत हो जाने पर वह बिज्जो को छोड़ कर किसी और के साथ चली गई थी। इसके बाद उसने हीरा के साथ विवाह किया था।