मांट ब्रांच गंग नहर पर बुधवार को सुबह 10:30 बजे एक सिपाही से तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर बाइक और नकदी लूट ली। सिपाही अपनी पत्नी के साथ मथुरा जा रहा था।
गांव सूरजा करौली थाना इगलास निवासी गजेंद्र सिंह पुत्र दुर्जन सिंह बहरन थाने में तैनात है। वह बुधवार को अपनी बाइक से पत्नी आरती के साथ मथुरा जा रहा था। जैसे ही बाइक मांट ब्रांच गंग नहर की पटरी से गुजरी तो अल्हैपुर के निकट काले रंग की टीवीएस बाइक पर आए तीन बदमाशों ने गजेंद्र का कॉलर पकड़ कर खींच लिया। इससे वह और उसकी पत्नी नीचे गिर पड़े।
गिरते ही दो बदमाशों ने तमंचा तान दिया और दो अंगूठी, चेन, दो हजार रुपये और बाइक लूट ली। इसके बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजय कुमार मौके पर पहुंच गए थे। घटना के संबंध में थाना राया में तहरीर दी गई है।