- वेटरनेरी यूनिवर्सिटी की लैब से मिली रिपोर्ट में खुलासा
- आरोपियों के लिए खिलाफ गोवध अधिनियम में मुकदमा दर्ज
यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार शाम पकड़े गए ट्रक में गोमांस भरा होने की पुष्टि हुई है। वेटरनेरी यूनिवर्सिटी में स्थित फारेंसिक लैब ने इसकी रिपोर्ट दी है। मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार शाम को आगरा से नोएडा की तरफ जा रहे मांस से भरे ट्रक को पुलिस ने जाबरा मांट टोल प्लाजा पर पकड़ा था। पूछताछ में ट्रक चालक चांद खां निवासी सराय चौधरी नई बस्ती बदायूं ने बताया कि वह ट्रक में लदे तेरह टन मांस को भोपाल से गाजियाबाद ले जा रहा है। गोमांस होने से इंकार किया गया और वेटरनेरी विवि से आई चिकित्सकों की टीम ने नमूने लिए और जांच की गई। सीओ मांट संजय कुमार ने बताया कि वेटरनेरी जांच में गोमांस होने की रिपोर्ट आई है। पकड़े गए ट्रक चालक के अलावा प्रतिबंधित मांस के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
20 टन मांस था ट्रक में
- ट्रक चालक ने 13 टन मांस के कागज कराए उपलब्ध
मांट पुलिस का कहना है कि चालक से मिले कागजातों में ट्रक में 13 टन मांस लिखा है लेकिन जांच में 20 टन से भी अधिक मांस भरा हुआ है। इसकी कीमत पच्चीस लाख के करीब बताई जा रही है।