जम्मू-कश्मीर में तैनात राजस्थान के एक सैनिक ने भूतेश्वर स्थित एक बैंक के मैनेजर, क्लर्क सहित तीन पर डुप्लीकेट एटीएम कार्ड से दो लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत एसपी सिटी से की है।
जोधपुर जिले की तहसील शेरगढ़ के गांव चांदसमा निवासी सैनिक ऊगम सिंह के अनुसार वह इन दिनों जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल में तैनात हैं। उन्होंने फतेहगढ़, उत्तर प्रदेश स्थित एक बैंक से एटीएम कार्ड जारी कराया।
आरोप है कि कृष्णानगर चौकी क्षेत्र में भूतेश्वर स्थित एक बैंक के प्रबंधक और क्लर्क ने गलत तरीके से आईडी आदि का प्रयोग कर, फर्जी हस्ताक्षर कर डुप्लीकेट एटीएम कार्ड जारी करा लिया। तीन लोगों ने मिलकर पांच फरवरी 2016 से लेकर दो मार्च 2016 के बीच 1.97 लाख रुपये उनके खाते से निकाल लिए।
इसकी जानकारी 30 मार्च को बैलेंस चेक करने पर हुई। बैंक में शिकायत कर जानकारी जुटाई तो पता चला कि सैनिक के नंबर पर मथुरा के इस बैंक से डुप्लीकेट एटीएम कार्ड जारी किया गया है। सैनिक ने बताया कि उनके पास मूल एटीएम कार्ड है और उन्होंने डुप्लीकेट एटीएम कार्ड के लिए कभी आवेदन नहीं किया। एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।