प्रसिद्ध आसेश्वर मंदिर के महंत पर बुधवार की रात कच्छा बनियानधारी बदमाशों ने हमला बोल दिया। बदमाशों ने साधु पर गोली चलाई। इससे पहले मंदिर के समीप एक अन्य आश्रम के साधु को बदमाश मारपीट कर चारपाई से बांध गए।
रात करीब 12:30 बजे आसेश्वर रोड स्थित गोपाल आश्रम पर चार बदमाशों ने सोते हुए साधु को जगाया और नकदी निकाल कर लाने को कहा। साधु ने नकदी न होने की बात कही तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की, असलहा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। साधु को चारपाई से बांध मंदिर में रखे सामान को तोड़फोड़ कर फैला दिया।
करीब एक बजे बदमाश आसेश्वर मंदिर पहुंच गए। कमरे में सो रहे महंत जयरामदास को हड़काते हुए कहा कि किबाड़ खोलो हम पुलिस वाले हैं, तुम नशीले सामान की बिक्री करते हो। किवाड़ न खोलने पर बदमाशों ने तमंचे से उन पर गोली चलाई और दरवाजे पर ईंट-पत्थर मारे। सारा सामान इधर-उधर फैला दिया।
महंत ने स्थानीय लोगों को फोन पर सूचना दी तब तक बदमाश भाग खडे़ हुए। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने घटना की जानकारी ली। मंदिर तक गश्त बढ़ाए जाने का आश्वासन दिया।
साधु सुखदेव दास ने बताया कि तीन बदमाश कच्छा बनियान पहने थे और एक पैंट शर्ट में था। महंत ने चौकी में तहरीर दी है और मंदिर तक पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।