दहेज के रूप में पांच लाख रुपये न देने पर दामाद ने ससुर पर रिवाल्वर से फायर झोंक दिए। इसमें वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने सोमवार दोपहर तक मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो लोग कोतवाली में ही धरने पर बैठ गए। इसके बाद देर शाम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
चैतन्य विहार कालोनी निवासी विजय गौतम ने अपनी पुत्री गुंजन का विवाह 12 मई 2013 को गोशाला रोड गाजियाबाद निवासी अतुल गौतम से किया। विवाह में 60 लाख रुपये खर्च किए। गुंजन का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुर शंकरलाल गौतम, सास बीना गौतम और पति अतुल गौतम ने पांच लाख रुपये की मांग रख दी। 18 अप्रैल को ससुरालवालों ने मारपीट की।
इसके बाद अतुल उसे और उसकी अबोध बेटी को पिता के घर छोड़ गए, कह गए कि पांच लाख लेकर ही घर आना। 13 मई को अतुल ने गुंजन की मां को मोबाइल पर पांच लाख रुपये तैयार रखने को कहा। आरोप है कि ससुरालीजन रविवार रात एक बजे घर में घुस आए। अतुल ने रिवाल्वर से गुंजन के पिता विजय गौतम पर फायरिंग कर दी। इससे वे बाल बाल बचे। शोर सुनकर ससुराली कार छोड़कर भाग गए।
विजय गौतम ने बताया कि रात में 100 नंबर पर फोन किया, लेकिन घंटों पुलिस नहीं पहुंची। देर शाम पुलिस ने गुंजन गौतम के प्रार्थना पत्र पर उनके पति अतुल गौतम, ससुर शंकरलाल गौतम, सास बीना, जेठ अनुज, जिठानी लक्ष्मी सहित तीन अन्य लोगों पर मारपीट और दहेज उत्पीड़न के साथ जान से मारने की नीयत से हमला करने का मुकदमा दर्ज किया है।