ग्रामसभा की जमीन पर बने मकान को राजस्व विभाग द्वारा गिराए जाने से भड़के पड़ोसी ने शनिवार की रात प्रधान के घर फायरिंग की। गोली लगने से उनका भतीजा जख्मी हो गया। उसे मथुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव महरौली में शनिवार को तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम ने पहुंचकर ग्रामसभा की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया था। इस दौरान सरकारी जमीन पर बने गांव के रमेश चंद पुत्र टीकम राम के मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया था। मकान टूटते ही रमेश चंद ने प्रधान नारायण सिंह को देख लेने की धमकी दी थी। बताया जाता है कि रात करीब डेढ़ बजे प्रधान के घर पर उसने पहुंचकर जमकर फायरिंग की।
इस दौरान गोली लगने से उनका भतीजा अजीत सिंह घायल हो गया। प्रधान की ओर से घटना की तहरीर गोवर्धन थाने में दी गई है। आरोप है कि नामजद तहरीर देने के बाद भी न रिपोर्ट दर्ज की गई। न पुलिस ने मौका मुआयना ही किया। वहीं घटना को लेकर गांव में दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी है।