एसएसपी मोहित गुप्ता ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुष्टि की।
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र में बुधवार की रात एक कुएं से निकाले गए शव बाप-बेटी के निकले। दोनों ग्यारह दिन पहले अपने गांव गौसना से दवाई लेने के लिए निकले और वापस नहीं लौटे। मृतक का बेटा दस माह पूर्व अपने पत्नी को लेने ससुराल गया था, तब से लापता है। परिवार वालों ने मृतक के बेटे के ससुरालियों पर आरोप लगाया है।
बुधवार शाम मांट रोड स्थित गांव थना अमरसिंह के समीप कुएं में देखे गए दोनों शवों को पुलिस ने कुएं में पानी भरवाकर रात में करीब 11 बजे निकाला। रात को तो शिनाख्त नहीं हुई, लेकिन सुबह शवों को देखा गया तो मृतक की जेब से आधारकार्ड बरामद हुआ जिस पर गोपाल (55) पुत्र निनुआ निवासी गौसना लिखा था।
गौसना पहुंचकर इनकी शिनाख्त गोपाल और उसकी बेटी खुशबू (15) के रूप में हुई। उनके परिवार वालों ने बताया कि दोनों 16 अक्तूबर से लापता हैं। बताया जाता है कि गोपाल अपनी बेटी खुशबू को दवा दिलाने राया के लिए निकले थे। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी और खुद तलाश करने में जुटे हुए थे।
गोपाल के बेटे सौदान और आकाश ने अपने बड़े भाई चंद्रभान और पुरुषोत्तम के ससुरालियों पर आरोप लगाया है। दोनों भाइयों की शादी सगी बहनों से हुई थी। उनका कहना है कि पुरुषोत्तम 10 माह पूर्व अपनी पत्नी को लेने ससुराल गए थे, लेकिन तब से नहीं लौटे। उन्होंने बताया कि इस मामले में थाना जमुनापार पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष जमुनापार का कहना है कि पुरुषोत्तम नाम से उनके यहां कोई गुमशुदगी दर्ज नहीं है।