यमुनापार पुलिस ने पांच अंतर्जनपदीय लुटेरों को दबोचा है। पकड़े गए लुटेरों ने सादाबाद में डेयरी व्यवसायी और दो लूट आगरा में करना स्वीकार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई नकदी, हथियार और चोरी की बाइक बरामद की हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए अरविंद निवासी सेलखेड़ा बलदेव, दीपक निवासी गांव जटोई, सादाबाद हाथरस, श्यामसुंदर उर्फ श्याम निवासी गांव वेदई, सादाबाद हाथरस, भोला निवासी गांव उमराऊ, सादाबाद हाथरस और सौरभ निवासी सोना का बास, खंदौली आगरा है। इनके पास से चार तमंचा व कारतूस, एक चाकू, बिना नंबर की बाइक, 80 हजार की नगदी, बैग और चेक बुक बरामद की है।
एसपी सिटी ने बताया कि पांचों लुटेरों को पकड़ने में थाना प्रभारी संसार सिंह राठी, लक्ष्मीनगर चौकी प्रभारी राकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी सिटी ने बताया कि 10 अक्तूबर को सादाबाद में डेयरी व्यवसायी से पांच लाख रुपये की लूट की थी। इसके अलावा 20 दिन पहले दो लूट आगरा में की हैं। एसएसपी मोहित गुप्ता ने खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये ईनाम दिया है। वार्ता में सीओ सदर आलोक दुबे मौजूद रहीं।