थाना फरह क्षेत्र में ट्रक में गायों के ऊपर धान की बोरियां लेकर जा रहे गोतस्करों को ग्रामीणों ने घेर लिया। बोरियां उछलने पर शक होने पर ग्रामीणों ने ट्रक रोक कर बोरियों को हटाकर देखा। उन्होंने एक गोतस्कर को दबोच लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
सोमवार सुबह बोरी लदा हुआ एक ट्रक फरह के गांव झुड़ावई की पोखर के निकट से गुजर रहा था। चलते ट्रक में बोरियां एक फुट तक उछलने लगीं तो राहगीरों को शक हुआ। उन्होंने ट्रक को रुकवा लिया। ट्रक रुकते ही उसमें सवार पांच-छह गोतस्कर भाग निकले, लेकिन चालक को ग्रामीणों ने दबोच लिया।
कुछ ग्रामीण वाहन पर चढ़े तो अंदर का हाल देखकर हैरान रह गए। ट्रक के पिछले हिस्से में धान की कुछ बोरियां रखी थीं, जबकि उसके नीचे लगे जाल में 20 से ज्यादा गायें बंधी पड़ी थीं। ग्रामीणों ने पकड़े गए चालक की पिटाई कर डाली। सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रक और उसके चालक को लेकर थाने आ गई।
पूछताछ के दौरान पकड़े चालक ने अपना नाम आशिफ जिला शामली बताया। भागे लोगों को उसने रामपुर जनपद का निवासी बताया। ट्रक से बरामद गायों के लिए फरह थानाध्यक्ष ने कुटी मशीन वालों के यहां से हरे चारे का इंतजाम किया और खिलाने के बाद उन्हें गोशाला भेजने का इंतजाम कराया।