थाना महावन पुलिस की जिद ने बड़ा बवाल करा दिया। जीप की टक्कर से घायल युवक की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी, जब इस युवक की मौत हुई तो लोग भड़क गए।
गुस्साए लोगों ने युवक का शव रखकर जाम लगाया तो पुलिस ने लाठियां भांज दी, इसके बाद भीड़ ने थाने पर धावा बोल दिया। थाने में मेज पर रखे शीशे चकनाचूर कर दिए। वहां खड़ी जीप, दर्जन भर बाइक को ग्रामीणों ने तोड़ दिया।
भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और कई पुलिसकर्मियों को पीटा। देर शाम महावन थानाध्यक्ष को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
कस्बा महावन के कुम्हार पाड़ा निवासी युवक जीतू (28) पुत्र बच्चू सिंह राजमिस्त्री था। 23 जनवरी को वह महावन कस्बे के तेलीपाड़ा निवासी नूरमोहम्मद के मकान पर बल्लियोें को बांधकर काम कर रहा था।
दोपहर ढाई बजे मैक्स जीप लेकर तेज गति से आए तेलीपाड़ा निवासी पशु व्यापारी और कबाड़ा कारोबारी युवक ने बल्ली में टक्कर मार दी। इससे बल्ली टूट गई और ऊपर से जीतू नीचे खड़ंजे पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवारीजन उसे जयपुर अस्पताल ले गए। इस मामले में जीतू के भाई रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गए तो एसओ महावन ने रिपोर्ट नहीं लिखी और हर बार राजीनामा कराने का दबाव बनाते रहे।
रविवार शाम जयपुर में इलाज के दौरान जीतू की मौत हो गई। सुबह तीन बजे परिवारीजन उसके शव को लेकर महावन आए। सुबह पांच बजे लोगों ने मथुरा-बलदेव मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
सुबह छह बजे थाने की पुलिस लेकर जाम खुलवाने एसओ महावन देवकीनंदन कश्यप पहुंच गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने जाम लगा रहे लोगों पर लाठियां चलाईं। इससे परिवारीजन आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में कस्बे के अन्य लोग भी शामिल हो गए और सुबह 6:30 बजे थाने में घुसकर तोड़फोड़ कर डाली। थाने में मुंशी, गारद ड्यूटी और अन्य पुलिस कर्मी जो भी मिला सबकी जमकर पिटाई की गई।
थाने में खड़ी 12 से अधिक बाइक, थाने की जीप और अन्य वाहनों में तोड़फोड़ कर डाली। थाने का फर्नीचर और अन्य सामान भी तोड़ दिया और पथराव किया। इसके बाद सैकड़ों लोग फिर से जाम स्थल पर पहुंच गए और पांच घंटे तक जाम लगाए रखा।
सूचना पर एसपी देहात अजय कुमार पांडेय, सीओ महावन अजय कुमार, बलदेव, रिफाइनरी, यमुनापार, हाईवे थाने की पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित लोगों को समझाया। परिवारीजन पुलिस कर्मियों और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
बाद में 10 बजे एसडीएम महावन चांदनी सिंह, एडीएम प्रशासन अजय कुमार अवस्थी मौके पर पहुंचे और मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस मामले में जीतू के भाई प्रदीप प्रकाश उर्फ बंटू ने अज्ञात जीप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस की ओर से 40 नामजद सहित 150 पर रिपोर्ट
मथुरा। महावन थाने में तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव और पिटाई करने के मामले में तत्कालीन एसओ महावन देवकीनंदन ने महावन कस्बा के कुम्हार पाड़ा और आसपास के 40 नामजद सहित 150 हमलावरों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ करने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने सेवन क्रिमिनल एक्ट, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ये पुलिसकर्मी हुए घायल
मथुरा। महावन थाने में हुए पथराव तोड़फ ोड़ के दौरान हमलवरों ने थानाध्यक्ष देवकीनंदन, एसआई ओमप्रकाश यादव, एचसीपी वकील अहमद, एचसीपी किशन पाल सिंह, ड्राइवर सूरजवीर सिंह पिटाई से चोटिल हो गए। सभी पुलिसकर्मियों ने अपनी चोटों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
इलाके में तनाव पुलिस, पीएसी तैनात
मथुरा। कस्बा महावन में पुलिस अधिकारियों ने पुलिस और पीएसी तैनात कर दी है। इसमें तेलीपाड़ा और कुम्हारपाड़ा इलाका में पुलिस पीएसी के जवान हरदम गश्त कर रहे हैं।
मनमर्जी धाराओं में रिपोर्ट पर आमादा थे एसओ
मथुरा। जीप की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक जीतू की रिपोर्ट दर्ज कराने में एसओ टक्क र मारने वाले युवक के खिलाफ पहले तो रिपोर्ट लिखने को तैयार नहीं हुए। परिवारीजनों ने दबाव बनाया तो एक्सीडेंट की रिपोर्ट लिखने को तैयार हुए।
इस पर परिवारीजन नहीं माने। जीतू की मौत के बाद रविवार देर रात भी एसओ महावन गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की कहते रहे जबकि परिवारीजन टक्कर मारकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने को कह रहे थे। इस पर पुलिस और परिवारीजनों में रातभर तकरार होती रही।
रिपोर्ट दर्ज न होने पर परिवारीजनों ने शव रखकर जाम लगाया तो जाम लगा रहे लोगों पर पुलिस ने लाठियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस की क्रूरता पर परिवारीजनों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने पुलिस व थाने पर पथराव कर दिया।
पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज न करने और लापरवाही के मामले में एसओ महावन देवकीनंदन को हटाकर लाइन हाजिर कर दिया है। फिलहाल एसएसआई थाने का काम देखेंगे।
- डा. राकेश सिंह, एसएसपी