राजस्थान के एक ज्योतिषी ने दिल्ली के एक बिल्डर को आर्थिक लाभ होने की बात कहकर वृंदावन बुला लिया। तीन दिनों तक चले पूजा-पाठ के बाद कोई फायदा नहीं हुआ तो दोनों में तकरार हो गई। ज्योतिषी के परिजनों राजस्थान के पाली थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई जिसके बाद कोसी पुलिस ने कोटवन बार्डर के समीप से ज्योतिषी एवं बिल्डर को पकड़ कर मामले का पटाक्षेप किया।
हुआं यूं कि बिल्डर प्रमोद कुमार का कारोबार कुछ सुस्त चल रहा थ। उनकी मुलाकात राजस्थान के पाली में ज्योतिषी नरेंद्र कुमार से हुई। प्रमोद ने अपनी परेशानी उन्हें बताई तो ज्योतिषी ने वृंदावन में अनुष्ठान करने की सलाह दी। इस पर प्रमोद राजी हो गया। 10 जुलाई को ज्योतिषी ने वृंदावन के एक होटल में अनुष्ठान शुरू कर दिया। अनुष्ठान होने के बाद बिल्डर को कोई फायदा नही हुआ तो उसने ज्योतिषी से शिकायत की। इस पर ज्योतिषी ने हैदराबाद से ज्योतिषी श्रीहरि नारायण को बुलाने को कहा तो बिल्डर ने हवाई जहाज से उन्हेें भी वृंदावन बुला लिया।। वह भी अनुष्ठान पूरा करके चले गए, लेकिन इससे भी बिल्डर को कोई फायदा नहीं हुआ।
नाराज प्रमोद कुमार ज्योतिषी से अनुष्ठान में खर्च हुए दो लाख रुपये की मांग करने लगे। इसी को लेकर दोनों में कहासुनी भी हुई। उधर, नरेंद्र के परिजनों ने पाली थाने में फिरौती के लिए उनके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पाली पुलिस ने एसएसपी से मदद मांगी। इंस्पेक्टर नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि कोटवन बार्डर पर गेस्ट हाउस से ज्योतिषी नरेंद्र एवं बिल्डर को पकड़ लिया गया। पूछताछ में मामला दो लाख रुपये के लेन-देन का निकला।