यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात नोएडा से आगरा की ओर तेज गति से जा रही स्कार्पियो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कई बार पलटने से कार सवार महिला और दो बच्चों की मौत हो गई। आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुरुक्षेत्र, हरियाणा के पीपल सदर निवासी रामनिवास अपने परिवार और साले अंबाला निवासी रामनिवास के परिवार के साथ स्कार्पियो गाड़ी से आगरा जा रहे थे। कार में 11 लोग सवार थे। शुक्रवार रात को जब वे यमुना एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे तो रात में करीब डेढ़ बजे थाना महावन क्षेत्र में माइलस्टोन 114 पर गांव नगला तेजा और कारब के बीच चालक को झपकी आ गई।
इस दौरान गाड़ी की गति अधिक होने के चलते गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टकराने पर गाड़ी पलट गई और पलटते हुए डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जा गिरी। हादसे में कार सवार कविता (40) पत्नी रामनिवास, यश (5) और राहुल (7) की मौत हो गई।
रामनिवास, मोनिका, हिमांशु, हर्ष, पल्लवी, तनु, अमन घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मी मौके पर पहुंचे। मरने वालों और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा। घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से नयति अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
दूसरा हादसा सुरीर कोतवाली क्षेत्र में हुआ। बुलंदशहर के गांव खैरपुर निवासी मुकेश शर्मा शनिवार सुबह अपने बाबा दीवान शर्मा को दवा दिलाने के लिए ऑल्टो कार से यमुना एक्सप्रेसवे पर होकर वृंदावन जा रहे थे। सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 81 के समीप सड़क पर दौड़ रहे कुत्तों को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग में घुस गई। हादसे में कार सवारों को चोट नहीं आई। कार क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में लिफ्ट लेकर चालक को लूटा
यमुना एक्सप्रेसवे पर सवारी बन कर बैठे दो युवकों ने कार चालक को लूट लिया। शुक्रवार रात नोएडा से आगरा की ओर आ रही वैगनआर कार में परी चौक नोएडा से दो युवक लिफ्ट लेकर आगरा जाने की कहकर बैठ गए थे। थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 140 के समीप उतरने के बहाने युवकों ने कार को रुकवा लिया। इसके बाद दोनों युवकों ने कार चालक को डरा धमका कर 2000 रुपये, दो मोबाइल और लैपटॉप लूट लिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग पुलिस से की है।