रंगभरनी एकादशी पर सुरीर के गांव ओहावा से वृंदावन परिक्रमा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसे में 24 लोग घायल हो गए। चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ओहावा के मोहन सिंह अपनी ट्रैक्टर-ट्राली खुद चला रहे थे। बुधवार सुबह डांगोली के निकट अनियंत्रित होकर ट्राली पलट गई। हादसे में ट्राली में बैठे लोग दब गए। इससे चीख-पुकार मच गई। कुछ उछल कर सड़क पर गिर गए। हादसे को देख आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए।
ट्राली के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने के बाद सरकारी एंबुलेंस से सीएचसी मांट पर भर्ती कराया। यहां दो बच्चों सहित चार घायलों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें सौ शैया अस्पताल वृंदावन रेफर कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
हादसे में ये हुए घायल
पवन कुमार, सुनीता, संतो देवी, प्रेमवती, रैदास, कपिल, प्रियंका, पूनम, बत्तन देवी, जितेंद्र शर्मा, छोटू, राहुल, कृष्णा पांडे, जितेंद्र सिंह, योगेश, दीपक, कुशलपाल, सतीश, ओमवती, आशा और अनीता देवी सहित 24 लोग घायल हैं। संतो देवी, प्रेमलता, छोटू और जितेंद्र शर्मा की हालत गंभीर बताई गई है।