यमुना एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग हादसों में 10 लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर अर्टिका कार (यूपी डीटी 7982) आगरा से दिल्ली जा रही थी। नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 76 के समीप सड़क पर रखे स्टॉपर से टकरा जाने से अनियंत्रित कार रेलिंग तोड़ते हुए दूसरे रोड पर पलट गई।
इससे सवार उमादत्त शर्मा, दिनेश, पूनम, रजनी, यतीश, आदित्य, यश और निहान निवासी मीठापुर एक्सटेंशन दिल्ली घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे पुलिस और एक्सप्रेसवेकर्मियों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। रजनी और पूनम की हालत गंभीर बताई गई है।
एक अन्य हादसा सोमवार रात सुरीर के समीप माइल स्टोन 80 पर हुआ। इसमें नोएडा की ओर से आ रहे आयशर कैंटर (यूपी 85 एडी 9732) के आगे की केबिन अचानक खुल कर ऊपर उठ गई। जिससे अनियंत्रित होने पर कैंटर आगे चल रहे कैंटर (यूपी 85 एडी 9006) से टकरा कर पलट गया। इससे उसमें भरी पत्तागोभी सड़क पर बिखर गई। चालक नदीम और क्लीनर अनूप निवासी मगोर्रा, मथुरा घायल हो गए।