सौ शैय्या के स्टॉफ क्वार्टर मे घुसे चोर, अलमारी में बिखरा सामान।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन। सौ शैय्या अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर में सीनियर मेडिकल ऑफिसर के घर की खिड़की तोड़कर चोर लाखों रुपये का सामान और नकदी चुरा ले गए। नकाबपोश दो चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं, जबकि एक बाहर पहरेदारी कर रहा था। पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई और डॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अनलॉक-1 में चोर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। सौ शैय्या अस्पताल में डॉक्टर दिलीप शर्मा सीनियर मेडिकल ऑफिसर तैनात हैं। शुक्रवार की रात परिवार के संग सो रहे डॉक्टर के घर में खिड़की तोड़कर नकाबपोश चोर घुस आया। एक चोर खिड़की के बाहर खड़ा रहा तो तीसरा चोर पूरी निगरानी बनाए हुए था।
घर में घुसे चोर ने एक एलईडी, 14 हजार रुपये की नकदी (बच्चों की गुल्लक), लैपटॉप आदि सामान को चुराया और भाग खड़े हुए। खास बात यह है कि बराबर के कमरे में सो रहे डॉक्टर के परिवार को इसका पता ही नहीं चल सका।
सुबह आई नौकरानी ने खिड़की टूटी देखकर परिवार को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची अध्धा पुलिस चौकी ने जानकारी जुटाई। कोतवाल संजीव कुमार दुबे ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।